Mungeli : पुलिस महानिरीक्षक संजीव शुक्ला ने किया मुंगेली जिले का वार्षिक निरीक्षण, अधिकारियों को दिए महत्वपूर्ण निर्देश
Mungeli : पुलिस महानिरीक्षक संजीव शुक्ला ने किया मुंगेली जिले का वार्षिक निरीक्षण, अधिकारियों को दिए महत्वपूर्ण निर्देश

रजनीश सिंह, मुंगेली (Mungeli)। पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज, डॉ. संजीव शुक्ला (भा.पु.से.) ने 27 और 28 फरवरी 2025 को मुंगेली जिले का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस परेड की सलामी ली, विभिन्न थानों का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस थानों में निरीक्षण और निर्देश
27 फरवरी को आईजी डॉ. संजीव शुक्ला ने थाना सरगांव का निरीक्षण किया। उन्होंने थाना रिकॉर्ड की जांच करते हुए उसे सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। लंबित मामलों के त्वरित निराकरण, सीसीटीएनएस के माध्यम से गुमशुदा व्यक्तियों की ट्रैकिंग और फ्रॉड मामलों में त्वरित कार्रवाई कर अधिक से अधिक राशि होल्ड कराने पर जोर दिया।
इसके बाद थाना सिटी कोतवाली मुंगेली का निरीक्षण किया गया, जहां उन्होंने विभिन्न रजिस्टरों की गुणवत्ता सुधारने और थाना परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कार्यालय का भी निरीक्षण कर अधीनस्थ थानों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने पुलिस कर्मचारियों की कुशलता व कार्य निष्पादन के आधार पर पुरस्कार और दंड संबंधी प्रतिवेदन वरिष्ठ कार्यालय को भेजने के निर्देश दिए।
रक्षित केंद्र में परेड और दरबार का आयोजन
28 फरवरी को रक्षित केंद्र मुंगेली में परेड की सलामी ली गई, जहां उत्कृष्ट टर्न-आउट वाले पुलिस कर्मियों को पुरस्कृत किया गया। इसके बाद एम.टी. शाखा का निरीक्षण किया गया और वाहनों के रखरखाव व रिकॉर्ड दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।
आईजी डॉ. संजीव शुक्ला ने पुलिस कर्मचारियों का दरबार भी लगाया, जहां उनकी समस्याएं सुनीं और उचित निराकरण का आश्वासन दिया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को उनके कर्तव्यों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करने की सीख दी।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा, उप पुलिस अधीक्षक लोरमी माधुरी धिरही, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मयंक तिवारी, उप पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन संजय साहू, रक्षित निरीक्षक श्रीमती ख्रिष्ट नरगिस तिग्गा बघेल और जिले के सभी थाना व चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।