
Khandva News : खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में एक बड़ी घटना घटी, जहां कुएं की सफाई के दौरान 8 लोग दलदल में फंस गए, जिनमें से पांच की मौत हो गई। यह सभी लोग गणगौर माता के विसर्जन के लिए कुएं की सफाई करने उतरे थे। यह हादसा छैगांवमाखन के कुंडावत गांव में हुआ। जानकारी के अनुसार, गणगौर माता के विसर्जन की तैयारी के लिए गांव के लोग पुराने कुएं की सफाई करने गए थे, तभी एक के बाद एक आठ लोग दलदल में फंस गए।
Khandva News : ग्रामीणों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही पंधाना थाना और छैगांवमाखन थाना पुलिस एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंची। इसके साथ ही कलेक्टर ऋषव गुप्ता, एसपी मनोज राय और एसडीएम बजरंग बहादूर सिंह भी मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक टीम ने दलदल में फंसे लोगों का रेस्क्यू अभियान शुरू किया। बताया जा रहा है कि कुएं में दलदल और कचरे की मौजूदगी के कारण जहरीली गैस का निर्माण हुआ, जिससे यह हादसा हुआ। इस घटना ने पूरे गांव में शोक की लहर फैला दी है।
Khandva News : खंडवा से होमगार्ड की रेस्क्यू टीम भी मौके पर पहुंच चुकी है। कुएं में गैस के प्रभाव को कम करने के लिए पानी डाला जा रहा है। क्रेन, एंबुलेंस और प्रशासन की अन्य टीम मौके पर काम कर रही है। खंडवा के एसपी मनोज कुमार राय ने बताया कि SDRF और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से अब तक पांच शवों को बाहर निकाला जा चुका है, जबकि बाकी तीन लोगों का रेस्क्यू जारी है। उन्होंने बताया कि गणगौर माता के विसर्जन के लिए कुएं की सफाई करने गए तीन लोग फंस गए थे, और उन्हें बचाने के लिए पांच अन्य लोग भी कुएं में उतरे, लेकिन सभी लोग दलदल में डूब गए।
Khandva News : कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने बताया कि यह घटना एक बावड़ी में हुई, जहां लोग सफाई करने उतरे थे। प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि कुएं में गैस का निर्माण हुआ था, जिसकी वजह से इनकी मौत हो गई। इसके बाद, जो लोग उन्हें बचाने उतरे, वे भी डूब गए। प्रशासन की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर शवों का रेस्क्यू शुरू किया और अस्पतालों में व्यवस्था की गई है ताकि शवों की शिनाख्त कर पोस्टमार्टम किया जा सके।