विकसित भारत 2047 मिशन: राष्ट्रीय युवा संवाद में बोलेंगी दंतेवाड़ा बचेली की नंदिनी दीक्षित

फकरे आलम खान, बचेली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य के तहत छत्तीसगढ़ के युवाओं ने अपने कौशल और प्रतिबद्धता का परिचय दिया है। युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय, नई दिल्ली के दिशा-निर्देशों के तहत खेल और युवा कल्याण संचालनालय ने राज्य के 80,000 से अधिक युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान किया।
रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित यूथ डॉक्यूमेंट प्रेजेंटेशन कार्यक्रम में राज्य के प्रतिभाशाली युवाओं ने अपनी योजनाओं और विचारों को प्रस्तुत किया। यह आयोजन राज्य चैम्पियनशिप का हिस्सा था, जिसमें भारत के विकास के लिए आवश्यक प्रमुख विषयों पर ध्यान केंद्रित किया गया। इनमें महिलाओं का सशक्तिकरण, कृषि उत्पादकता बढ़ाना, खेल और स्वास्थ्य को बढ़ावा देना, भारत को स्टार्टअप और विनिर्माण में वैश्विक शक्ति बनाना और पर्यावरणीय स्थिरता शामिल हैं।
Read More : CG Crime : फटाका फोड़ने को लेकर हुआ विवाद, सनकी युवक ने बुजुर्ग को उतारा मौत के घाट, जानिए क्या है पूरा मामला…
ऑनलाइन क्विज और युवाओं की भागीदारी
‘माई भारत’ पोर्टल पर आयोजित ऑनलाइन क्विज ने राज्यभर से 3.26 लाख से अधिक युवाओं को आकर्षित किया। इनमें से 80,000 से अधिक प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। खेल और युवा कल्याण विभाग की निदेशक श्रीमती तनूजा सलाम ने बताया कि 6,103 युवाओं ने क्विज में क्वालीफाई किया, जिनमें से 635 ने भारत के विकास पर आधारित 10 प्रमुख विषयों पर निबंध लिखे। कठोर चयन प्रक्रिया के माध्यम से 228 युवाओं को राज्य चैम्पियनशिप के लिए चुना गया।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष श्री विश्व विजय सिंह तोमर और नेहरू युवा केंद्र संगठन के राज्य निदेशक श्री अतुल निगम ने युवाओं का हौसला बढ़ाया। राज्य चैम्पियनशिप से 45 युवा नई दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे। 11 और 12 जनवरी 2025 को भारत मंडपम, नई दिल्ली में ये युवा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष अपने विचार प्रस्तुत करेंगे।
दंतेवाड़ा की बेटी नंदिनी का यूथ डायलॉग के लिए राष्ट्रीय स्तर पर चयन
दंतेवाड़ा की नंदिनी, जिन्होंने पर्यावरण और समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है, विकसित भारत यूथ लीडर’स डायलॉग के लिए चुनी गई हैं। नंदिनी ने 2022 में संसद भवन, दिल्ली में नेशनल एनवायरनमेंट यूथ पार्लियामेंट और 2024 में नागपुर, महाराष्ट्र में राष्ट्रीय पर्यावरण संसद में भाग लिया।
नंदिनी ने अर्थ बीट चैलेंज में भी जीत हासिल की और COP26, ग्लासगो में भारत का प्रतिनिधित्व किया। उनके द्वारा शुरू किया गया “एक पेड़ शहीदों के नाम” अभियान शहीदों की याद में हर महीने 19 से 25 तारीख के बीच पौधारोपण को प्रोत्साहित करता है।
एकल संतान होते हुए भी नंदिनी ने अपने नेतृत्व और मार्गदर्शन से युवाओं को प्रेरित किया है। उनका समर्पण और योगदान विकसित भारत 2047 मिशन की भावना को दर्शाता है।
सामूहिक प्रयासों से विकसित भारत की ओर
छत्तीसगढ़ के युवा, नंदिनी जैसी प्रेरणादायक शख्सियतों के नेतृत्व में, भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में कार्य कर रहे हैं। उनके समर्पण और प्रयास आने वाले वर्षों में भारत के भविष्य को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की दिशा में अहम भूमिका निभाएंगे। 08 जनवरी के दिन प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय सभी प्रतिभागियों के साथ भोजन एंव पत्रकार वार्ता कर दिल्ली के लिए हरी झंडी दिखायेंगे।