CG NEWS : कड़क प्रशासन, साफ नीयत-मयंक चतुर्वेदी रायगढ़ कलेक्टर पद पर नियुक्त, बदलेगी जिले की तस्वीर
CG NEWS : Strict administration, clear intentions- Mayank Chaturvedi appointed as Raigarh Collector, the picture of the district will change

घरघोड़ा | CG NEWS : छत्तीसगढ़ शासन ने एक अहम प्रशासनिक फेरबदल करते हुए रायगढ़ जिले के कलेक्टर कार्तिकेय गोयल का तबादला कर दिया है। उनकी जगह 2017 बैच के युवा और तेजतर्रार आईएएस अधिकारी मयंक चतुर्वेदी को रायगढ़ का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है। इस बदलाव को जिले में विकास और सुशासन की दिशा में एक निर्णायक कदम माना जा रहा है।
मयंक चतुर्वेदी का प्रशासनिक सफर
उत्तर प्रदेश के कानपुर निवासी मयंक चतुर्वेदी ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद सिविल सेवा परीक्षा पास कर 2017 में भारतीय प्रशासनिक सेवा में प्रवेश किया। मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी से प्रशिक्षण लेने के बाद उनकी पहली फील्ड पोस्टिंग रायगढ़ में सहायक कलेक्टर के रूप में हुई थी।
इसके बाद वे दंतेवाड़ा जैसे संवेदनशील जिले में कलेक्टर सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। उनकी कार्यशैली में पारदर्शिता, जनसरोकारों के प्रति संवेदनशीलता और प्रशासनिक निर्णयों में तेजी को विशेष तौर पर सराहा गया है।
रायगढ़ से पुराना और मजबूत रिश्ता
रायगढ़ से मयंक चतुर्वेदी का पुराना नाता रहा है। सहायक कलेक्टर रहते हुए उन्होंने जिले में अवैध खनन के खिलाफ अभियान चलाकर अपनी सख्त कार्यशैली का परिचय दिया था। एक विशेष घटना के दौरान जब वे अवैध खनन रोकने पहुंचे थे, उन पर जेसीबी से हमला किया गया था। इस मामले में उन्होंने बिना दबाव झेले आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित कराई थी, जिससे उनकी कर्तव्यनिष्ठा और निर्भीकता साफ झलकी थी।
नई जिम्मेदारी के साथ नई उम्मीदें
रायगढ़ जिले के कलेक्टर के रूप में मयंक चतुर्वेदी के कार्यभार संभालने के साथ ही जिले में सुशासन, पारदर्शिता और विकास की नई उम्मीदें जागी हैं। प्रशासनिक अनुभव और जमीनी हकीकत की गहरी समझ के चलते मयंक चतुर्वेदी से अपेक्षा की जा रही है कि वे जिले में विकास योजनाओं को तेज गति से आगे बढ़ाएंगे, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करेंगे और जनता के साथ संवाद बनाकर प्रशासनिक प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाएंगे।
राज्य सरकार को भी उनके नेतृत्व से रायगढ़ को नई दिशा और नई गति मिलने की उम्मीद है। वहीं स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने भी इस नियुक्ति का स्वागत करते हुए उनके कार्यकाल से सकारात्मक बदलावों की उम्मीद जताई है।