
Politics News : गुवाहाटी। असम कांग्रेस के प्रवक्ता रीतम सिंह को शनिवार को एक इंटरनेट मीडिया पोस्ट के मामले में गिरफ्तार किया गया.उन्होंने तीन वरिष्ठ भाजपा नेताओं के खिलाफ दर्ज मामलों की स्थिति के बारे में सवाल उठाए थे। उन्हें गुवाहाटी पुलिस की सहायता से लखीमपुर जिला पुलिस ने गुवाहाटी स्थित उनके घर से गिरफ्तार किया। कांग्रेस ने इस गिरफ्तारी की कड़ी निंदा की है।
Politics News : रीतम सिंह ने 13 मार्च को एक्स (पूर्व ट्विटर) पर एक पोस्ट किया था, जिसमें 2021 में धेमाजी जिले में दुष्कर्म के मामले में अदालत द्वारा तीन व्यक्तियों को दोषी ठहराए जाने की खबर को साझा किया था। उन्होंने लिखा था कि दोषियों को उनकी हकदार सजा मिली, लेकिन उन्होंने सवाल उठाया कि भाजपा नेता विधायक मानब डेका, पूर्व पार्टी अध्यक्ष भबेश कलिता और पूर्व मंत्री राजन गोहेन का क्या हुआ? उनका यह सवाल था कि क्या कानून सबके लिए समान है?
Politics News : कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने इस गिरफ्तारी की निंदा करते हुए असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की आलोचना की। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई अत्याचार से भी बदतर है और रीतम सिंह का पोस्ट पूरी तरह से उचित था।
Politics News : गिरफ्तारी के कुछ घंटों बाद लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता गौरव गोगोई ने रीतम सिंह के घर का दौरा किया और आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें उस दिन गिरफ्तार किया जब गृह मंत्री अमित शाह राज्य का दौरा कर रहे थे। उन्होंने कहा, “कांग्रेस प्रवक्ता को हिरासत में लेने के लिए पुलिस की एक टीम गुवाहाटी आई और उन्हें बेरहमी से घसीटा गया। मुझे उनसे बात करने की अनुमति नहीं दी गई, जबकि मैंने बार-बार अनुरोध किया।”
Politics News : कांग्रेस पर पलटवार करते हुए, मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, “यह मामला एक दलित महिला के साथ जाति-आधारित अपमान से संबंधित है। यदि आप एक दलित महिला के पति को बलात्कारी कहने को उचित ठहराते हैं, तो यह दर्शाता है कि कांग्रेस किस दिशा में बढ़ रही है।”
Politics News : गौरव गोगोई ने भाजपा सरकार पर हमला करते हुए कहा, “कुछ दिन पहले भाजपा कार्यकर्ताओं ने असम पुलिस के दो कांस्टेबलों पर दिनदहाड़े हमला किया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन अपराधियों को गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया? लेकिन जब कांग्रेस नेता कुछ ट्वीट करता है, तो पुलिस उसे तुरंत गिरफ्तार करने के लिए कार्रवाई करती है, जैसे वह कोई बड़ा अपराधी हो।